Breaking News

6/recent/ticker-posts

जमुई : जिला प्रशासन ने पत्रकारों को किया सम्मानित, लोस चुनाव में योगदान को सराहा

[न्यूज़ डेस्क | अभिषेक कुमार झा] :-

मीडिया प्रजातंत्र का सशक्त प्रहरी है। मीडिया लोकतंत्र व लोगों के बीच सेतु का काम करती है। पत्रकार लेखनी के माध्यम से समाज को न केवल दिशा देते हैं बल्कि समस्याओं व गड़बड़ियों को उजागर भी करते है। उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम धर्मेन्द्र कुमार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा।
मौका था जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह का, जिसमें विभिन्न मीडिया हाउस से जिले भर के पत्रकार शामिल हुए।


समारोह में डीएम धर्मेन्द्र कुमार, एसपी जे. रेड्डी, एसडीओ लखिन्द्र पासवान, डीडीसी अरुण कुमार ठाकुर, अपर समाहर्ता कुमार संजय प्रसाद एवं डीएसपी रामपुकार सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के शुरुआत में प्रभारी अपर जिला जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार वर्मा ने उक्त अतिथियों को पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके बाद बारी-बारी से सभी पत्राकारों को लोक सभा चुनाव-2019 में समाचार संकलन, प्रतिबद्धता व सकारत्मक सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
  

इस क्रम में gidhaur.com पोर्टल पर स्वतंत्र योगदान दे रहे दो संवाददाताओं को जिला प्रसाशन ने सम्मानित किया। सर्वप्रथम सम्मानित होने वाले में चंद्रशेखर सिंह का नाम है जो अलीगंज प्रखंड से gidhaur.com के वरीय संवाददाता के रूप में अपना अहम योगदान दे रहे हैं। चंद्रशेखर सिंह दैनिक भास्कर के अधिकृत संवाददाता हैं, जो अपने क्षेत्र के हरेक गतिविधियों को बारीकी से निष्पक्षतापूर्वक समाचार का रूप प्रदान करते हैं। पत्रकारिता कैरियर के दौरान इन्होंने कई समस्यात्मक मुद्दों पर कलाम से जंग छेड़ी।
जिला प्रसाशन के हाथों सम्मनित होने वाले में श्याम सिंह तोमर का भी नाम है। ये चकाई प्रखंड से gidhaur.com पोर्टल के लिए निःस्वार्थ योगदान दे रहे हैं। श्याम सिंह तोमर अपने क्षेत्र से प्रभात खबर में  तल्ख पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।


इधर , जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित होने वाले जिले भर के सैंकड़ों पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीएम धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि 2019 के लोस चुनाव को पूरी पारदर्शिता से संचालित कराने में मीडिया का अहम योगदान रहा।
लोस चुनाव के कवरेज में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में जमुई के पत्रकारों का योगदान प्रशसनीय है। पत्रकारों के लिए खबर सकारात्मक और नकारात्मक हो सकती है। लेकिन नजरिया हमेशा सकरात्मक होना चाहिए। डीएम ने पत्रकारिता के जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने को लेकर जमुई जिलेभर के पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।


वहीं, जमुई एसपी जे. रेड्डी ने कहा कि पत्रकारिता के आदर्श को मजबूती प्रदान कर जमुई ने एक उदाहरण पेश किया है। एसपी ने कहा कि पत्रकारिता हर वक्त चुनौतियों से भरा होता है। इनका हर काम रिस्की होता है। अपने संबोधन के दौरान लोक सभा चुनाव के सफलतापूर्वक संचालन को लेकर जमुई के पत्रकारों की प्रसंशा करते हुए सकारात्मक व नकरात्मक पत्रकारिता पर अपनी बात रखी।


कार्यक्रम के अंत मे नव स्थापित एलडीएम श्रीकांत चतुर्वेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। वहीं जिले के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. निरंजन कुमार ने मंच संचालक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा कर इस समारोह को सफल बनाया।  कार्यक्रम में सम्मानित हुए जिलेभर के सैंकड़ों मीडियाकर्मी के चेहरे खिले नजर आ रहे थे।