Breaking News

6/recent/ticker-posts

दिव्यांग एडवेंचर जर्नी : सियाचिन ग्लेशियर की साहसिक यात्रा पर निकले अनुराग और संतोष


दिल में अगर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो शारीरिक अपंगता तथा आर्थिक अभाव भी आड़े नही आता। इस कहावत को वास्तविकता की धरातल पर सही सिद्ध करते हुई बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पटना के दिव्यांग एथलीट अनुराग चंद्रा और संतोष कुमार पुन: एक नए विश्व कीर्तिमान स्थापित करने हेतु साहसिक यात्रा की शुरुआत आज की। ये दोनों एडवेंचर जर्नी पर दानापुर कैंट पटना से सियाचिन ग्लेशियर के लिए रवाना हुए। चर्चित आईपीएस अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, अदम्या अदिति गुरुकुल के संस्थापक गुरु डॉ एम रहमान एवं मेंटर मुन्ना जी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर इस यात्रा को रवाना किया।
अनुराग ने बताया कि आठ राज्यों से होते हुए सियाचिन पहुंचा जाएगा इस बीच रास्ते में कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। इसे लेकर राज्य सरकार, खेल प्राधिकरण मंत्रालय, नई दिल्ली के अलावा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं महामहिम राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी को पत्र लिखकर मदद की मांग की थी लेकिन कहीं से भी किसी प्रकार का आर्थिक मदद नही मिला।
अनुराग एवं संतोष ने अपने यात्रा के संदर्भ में बताया कि हम दोनों का हौसला गुरु डॉ एम रहमान और मेंटर मुन्ना जी बढ़ा रहे हैं। इन दोनों ने पहले भी हम दोनों का हौसला बढ़ाया है। डॉ एम रहमान और मेंटर मुन्ना जी ने एडवेंचर जर्नी पर जाने वाले लोगों को आर्थिक मदद भी दी। डॉ रहमान ने बताया कि इस यात्रा का खर्च गुरुकुल वहन कर रहा है। दोनों खिलाड़ियो को गुरुकुल ने गोद लिया है। बिहार का नाम रौशन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को अपेक्षित सहयोग के लिए राज्यवासियों से भी अपील की गयी है। मुख्य अतिथि अरविन्द पाण्डेय ने कहा की गीनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इस साहसिक यात्रा को शामिल करवाने के लिए हर संभव प्रयास होगा। 
पहले भी बनाया है विश्व कीर्तिमान
दिव्यांगता को चुनौती देने वाले अनुराग ने वर्ष 2015 में भी अपने साथी संतोष मिश्रा के साथ दिल्ली से लेह तक 1,267 किलामीटर की यात्रा कर विश्वकीर्तिमान बनाया था। यह कीर्तिमान अनुराग ने ट्राईसाइकिल से और संतोष ने साइकिल चलाकर बनाई थी। जबकि इस बार यह यात्रा स्कूटी से पूरी करेंगे। प्रेस वार्ता में दोनों खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा सहयोग नहीं किये जाने का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यक्रम में शशी कुमार सिंह, एम के झा के अलावा कई गणमान्य एवं युवा मौजूद थे जिन्होंने इन दोनों दिव्यांगों को उनके एडवेंचर जर्नी की शुभकामनायें दीं। 

(अनूप नारायण)
पटना      |        22/06/2017, गुरुवार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ