जमुई/बिहार। पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई” मंच की 542वीं रविवारीय यात्रा रविवार को खरगौर क्षेत्र में आयोजित की गई। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने लोगों को बढ़ती गर्मी और पर्यावरणीय असंतुलन के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया।
यात्रा की शुरुआत जमुई प्रखंड परिसर से हुई, जहां से मंच के आठ सदस्य साइकिल के माध्यम से खरगौर पहुंचे। वहां महिला संकुल स्तरीय संघ की जीविका दीदियों के साथ मिलकर करीब 20 पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों में महोगनी, नीम, नींबू और अमरूद जैसे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के लिए उपयोगी पौधे शामिल रहे। पौधरोपण के साथ ही मंच की 542वीं रविवारीय यात्रा संपन्न हुई।
मंच के सदस्य अजीत कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही गर्मी कहीं न कहीं पेड़ों की कमी को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। आने वाले बरसात के मौसम में लगाए गए पौधे तेजी से बढ़ते और फलते-फूलते हैं, इसलिए लोगों को बारिश के दिनों में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के हित में कम से कम एक अच्छा कार्य अवश्य करना चाहिए।
इस दौरान मंच के सदस्य हरेराम कुमार सिंह ने कहा कि सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल का उपयोग जरूर करना चाहिए। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषण से बचता है। उन्होंने लोगों से मोटर वाहनों के अत्यधिक उपयोग को कम करने और साइकिल चलाने की आदत अपनाने की अपील की।
वहीं मंच के सदस्य शेषनाथ राय ने जीविका दीदियों से जल संरक्षण को लेकर जागरूक रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आने वाले बरसात के मौसम में वर्षा जल को व्यर्थ बहने नहीं देना चाहिए, बल्कि उसका अधिक से अधिक संरक्षण करना चाहिए। पानी के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि “पानी को केवल बचाया जा सकता है, बनाया नहीं जा सकता।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव और हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ पौधरोपण अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही। इस यात्रा में मंच के सदस्य शेषनाथ राय, राहुल ऋतुराज, संदीप कुमार रंजन, हरेराम कुमार सिंह, अजीत कुमार, संजय कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं जीविका दीदी के रूप में दिव्या कुमारी, संजना, निशा एवं अन्य महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।







