गिद्धौर/जमुई। प्रखंड क्षेत्र के पतसंडा पंचायत अंतर्गत बनझुलिया गांव स्थित ऐतिहासिक माता विषहरि स्थान पर मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव की कुलदेवी एवं मनसा देवी के रूप में पूजित माता विषहरि स्थान पर रात्रि के समय अंधेरा पसरा रहने से श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है माता विषहरि स्थान
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थल गांववासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। बावजूद इसके यहां रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।
ग्राम सभा में चयनित होने के बाद भी नहीं लगा सोलर लाइट
ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का प्रावधान है। माता विषहरि स्थान को वार्ड सभा एवं ग्राम सभा में सर्वसम्मति से चयनित भी किया गया था, लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी यहां सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लग सकी।
इसको लेकर गांव के तीन दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने पंचायत सचिव को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि शाम होते ही पूरा परिसर अंधेरे में डूब जाता है, जिससे श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पूर्व वार्ड सदस्य ने अधिकारियों पर लगाया उदासीनता का आरोप
पतसंडा पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य एवं समाजसेवी डब्लू पंडित ने बताया कि वर्ष 2016 से 2021 के कार्यकाल के दौरान उन्होंने माता विषहरि स्थान पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव वार्ड सभा एवं ग्राम सभा में पारित कराया था।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की उदासीनता एवं मनमानी रवैये के कारण आज तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए अविलंब कार्रवाई करने की मांग की।
पंचायत सचिव बोले- फिलहाल नई लाइट उपलब्ध नहीं
इस संबंध में पंचायत सचिव दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत पतसंडा पंचायत में वार्डवार कुल 123 सोलर लाइट लगाए जा चुके हैं। फिलहाल योजना के अंतर्गत अतिरिक्त सोलर लाइट उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में जब नई योजना अथवा अतिरिक्त लाइट उपलब्ध होगी, तब माता विषहरि स्थान को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा।
दर्जनों ग्रामीणों ने आवेदन पर किए हस्ताक्षर
पंचायत सचिव को दिए गए आवेदन में पूर्व वार्ड सदस्य डब्लू पंडित, तेजनारायण पंडित, अरुण पंडित, सुबोध कुमार, मिथुन कुमार, सीताराम पंडित, सनोहर साव, प्रिंस कुमार विश्वकर्मा, उमेश पासवान, मनजीत पासवान, सुधीर पंडित, राजकुमार रावत, मनोहर शाह, शकुंतला देवी, मुस्कान कुमारी, आशीष पासवान, चंद्रशेखर पासवान एवं शिवकुमार पंडित समेत दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक महत्व को देखते हुए माता विषहरि स्थान पर शीघ्र सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सके।







