गिद्धौर : शिक्षक नित्यानंद सिंह के पुत्र सत्यम की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई बाइक - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 2 मार्च 2026

गिद्धौर : शिक्षक नित्यानंद सिंह के पुत्र सत्यम की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई बाइक

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 2 मार्च 2026, सोमवार : प्रखंड मुख्यालय गिद्धौर में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान गिद्धौर निवासी शिक्षक नित्यानंद सिंह के पुत्र सत्यम कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यम कुमार सिंह सोमवार की शाम गिद्धौर रेलवे स्टेशन से बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सत्यम को तत्काल गिद्धौर स्थित दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अजीमा निशांत ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार एवं वाहन के अनियंत्रित होने का प्रतीत होता है। पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

परिवार में मचा कोहराम
युवा पुत्र की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता एवं अन्य परिजन बेसुध हैं। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे हैं। सत्यम को मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का युवक बताया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post Top Ad -