जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 2 मार्च 2026, सोमवार : भारतीय जनता पार्टी, जिला जमुई की ओर से जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी की अध्यक्षता में होली मिलन समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह विशेष रूप से शामिल हुईं। समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा शहर के गणमान्य लोगों की भारी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान ढोलक की थाप और होली के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण रंगमय हो उठा। मंत्री श्रेयसी सिंह ने स्वयं होली गीत गाकर जिले और राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। उनके गीतों पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
अपने संबोधन में मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “रंगों का यह त्योहार हमें सभी भेदभाव भुलाकर एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। हम सभी को शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलानी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि जमुई की धरती सामाजिक समरसता की मिसाल रही है और यहां के लोग हर पर्व को मिल-जुलकर मनाने की परंपरा निभाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, जदयू जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, लोजपा रामविलास के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, रालामो जिला अध्यक्ष अरुण मंडल, हम जिला अध्यक्ष दामोदर मांझी सहित हजारों की संख्या में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और एकजुटता का संदेश दिया।
जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा परिवार हमेशा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, प्रकाश कुमार भगत, कन्हैया सिंह, भाजपा महामंत्री बृजनंदन सिंह, सोनेलाल पासवान, गोपाल कृष्ण, अजय पासवान, ताहिर अंसारी, राजेश मंडल, संतोष सिंह, सुनीता सिंह, मुकेश सिंह, जनार्दन मंडल, लखन यादव, शंभू पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने मिलकर प्रदेश और जिले की खुशहाली, विकास और सामाजिक एकता की कामना की तथा रंगों के इस पावन पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।






