गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 23 मई 2026, शनिवार : ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. सिन्हाज़ हेल्थकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन के सौजन्य से जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, पटना द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाना और समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए फाउंडेशन के सीईओ सुशांत साईं सुंदरम ने बताया कि रविवार, 24 मई को गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत पतसंडा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों के वजन, ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर एवं एसपीओ2 की नि:शुल्क जांच की जाएगी। इसके अलावा मेदांता हॉस्पिटल से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों के लिए ईसीजी जांच की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों की प्रारंभिक पहचान संभव हो सकेगी।
सीईओ सुशांत साईं सुंदरम ने कहा —
डॉ. सिन्हाज़ हेल्थकेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन लगातार जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधा विस्तार के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। आर्थिक अभाव या जागरूकता की कमी के कारण कोई भी व्यक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह से वंचित न रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की अनुभवी चिकित्सकीय टीम के सहयोग से आयोजित यह शिविर आम लोगों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा। इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में अत्यंत सराहनीय कदम हैं।







