पूर्वी गुगुलडीह : कुड़ीला गांव में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 17 मई 2026

पूर्वी गुगुलडीह : कुड़ीला गांव में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ

पूर्वी गुगुलडीह/गिद्धौर : जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत पूर्वी गुगुलडीह पंचायत के कुड़ीला गांव में रविवार 17 मई से आयोजित हो रहे श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ को लेकर पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया है। यज्ञ के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक उल्लास से भर दिया। गांव की गलियों से लेकर यज्ञ स्थल तक “हर-हर महादेव” और वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई देती रही, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा।

यज्ञ आयोजन समिति द्वारा निकाली गई कलश यात्रा में करीब 500 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों, बुजुर्गों और युवाओं ने सिर पर कलश लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों और धार्मिक जयघोषों के साथ आगे बढ़ते रहे। कलश यात्रा का दृश्य इतना भव्य था कि गांव के हर रास्ते पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका आस्था के रंग में रंग गया।
कलश यात्रा के दौरान गांव के लोगों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर फूलों की वर्षा भी की गई। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने इसे गांव के लिए सौभाग्य का अवसर बताया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

इस धार्मिक आयोजन में समाज के कई गणमान्य लोग और समाजसेवी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। समाजसेवी तारकेश्वर कुमार निराला, रवि किशन, सतनारायण यादव, सुभेंद्र यादव, कपिल यादव तथा पूर्व चेयरमैन योगेंद्र पासवान समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
भीषण गर्मी और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। खासकर महिलाओं और बच्चियों को गर्म मौसम के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन आयोजन समिति एवं ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। जगह-जगह पेयजल, शरबत और नींबू पानी की व्यवस्था की गई थी ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
कुड़ीला गांव के समाजसेवी दिग्विजय पासवान द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चीनी-नींबू पानी और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई, जिसकी ग्रामीणों ने खूब सराहना की। लोगों ने कहा कि सेवा भाव ही सच्चा धर्म है और ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

यज्ञ आयोजन में शिक्षक अनिल कुमार यादव, जगरनाथ यादव, संजय यादव तथा सरपंच बहादुर यादव सहित कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे। सभी ने यज्ञ की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ को लेकर कुडिला गांव ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान से गांव में शांति, सद्भाव और धार्मिक चेतना का विस्तार होता है। आने वाले दिनों में यज्ञ स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment