बाबा कोकिलचन्द धाम संचालन को लेकर ग्रामीणों की बैठक, ट्रस्ट व सोशल मीडिया समूह भंग - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 28 मई 2026

बाबा कोकिलचन्द धाम संचालन को लेकर ग्रामीणों की बैठक, ट्रस्ट व सोशल मीडिया समूह भंग

गंगरा/गिद्धौर (Gangra/Gidhaur), 28 मई 2026, गुरुवार : गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के गंगरा चौक पर बीते 23 मई 2026, शनिवार को बाबा कोकिलचन्द को साक्षी मानकर एक महत्वपूर्ण आम सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता ग्राम पंचायत राज गंगरा के मुखिया प्रतिनिधि कल्याण सिंह ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित हुए। सभी लोगों ने आपसी सहमति एवं विस्तृत विचार-विमर्श के बाद बाबा कोकिलचन्द धाम के संचालन, मंदिर निर्माण कार्य एवं भविष्य की व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए।

सभा के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब तक संचालित बाबा कोकिलचन्द ट्रस्ट, उसकी कार्यकारिणी समिति, मार्गदर्शन मंडल तथा पूर्व में गठित सभी समूहों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि धाम से जुड़े कार्यों को अधिक पारदर्शिता एवं सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

इसके साथ ही बाबा कोकिलचन्द धाम एवं बाबा कोकिलचन्द विचार मंच के नाम से संचालित सभी पुराने व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक ग्रुप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निष्क्रिय घोषित किया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि भविष्य में यदि इन समूहों का किसी भी प्रकार से उपयोग किया जाता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एडमिन की होगी।
बैठक में बाबा के नाम से संचालित पुराने बैंक खातों को बंद करने का भी निर्णय लिया गया। वहीं मंदिर निर्माण के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए ग्रामीण युवाओं की भागीदारी से एक विशेष तात्कालिक समूह गठित करने पर सहमति बनी। यह समूह गांव-गांव जाकर सहयोग राशि संग्रहण का कार्य करेगा ताकि मंदिर निर्माण कार्य बाधित न हो।

ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि धाम से जुड़े कार्यों के समन्वय एवं सूचना आदान-प्रदान के लिए एक नया व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। साथ ही एक नया संयुक्त बैंक खाता खोलने पर भी सहमति बनी। इस संयुक्त खाते के संचालन हेतु कल्याण सिंह एवं निरंजन कुमार सिंह उर्फ फोटन जी को अधिकृत किया गया।
(बैठक की कार्रवाही और उसपर ग्रामीणों के हस्ताक्षर)
सभा में यह भी तय किया गया कि युवाओं की एक सक्रिय टीम गठित की जाएगी, जो मंदिर निर्माण, सामाजिक समन्वय एवं धार्मिक गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक के दौरान मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को सार्वजनिक रूप से खोला गया, जिसमें कुल 13 हजार 941 रुपये की राशि प्राप्त हुई। उपस्थित लोगों ने इस प्रक्रिया को पारदर्शिता की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लिए गए निर्णयों पर सहमति जताते हुए हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कल्याण सिंह, शैलेन्द्र इमार, नीरज सिंह, नंद किशोर सिंह, वीरेंद्र पांडेय, चुनचुन कुमार, गुंजन कुमार सिंह, लाटो सिंह, धीरज कुमार, सोनू कुमार, निरंजन सिंह, अरविंद कुमार, आशीष कुमार पांडेय, उपेंद्र सिंह, सुबोध सिंह, संतोष कुमार रजक एवं मनोज कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और बैठक के निर्णयों पर हस्ताक्षर किए।

Responsive Advertisement