जमुई : सतगामा चौक के पास अनाज लदा पिकअप जब्त, कार्रवाई से मचा हड़कंप - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 21 मार्च 2026

जमुई : सतगामा चौक के पास अनाज लदा पिकअप जब्त, कार्रवाई से मचा हड़कंप


जमुई/बिहार। जिले में खाद्यान्न की कालाबाजारी और अवैध ढुलाई के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में बीते सप्ताह शनिवार को सदर अनुमंडल प्रशासन की ओर से एक बड़ी कार्रवाई की गई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर के समीप अनाज से लदे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अनाज लोड कर उसे अवैध तरीके से किसी अन्य स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर तीन अधिकारियों की एक टीम गठित की गई, जिसमें विपणन पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे।

प्रशासनिक टीम ने सतगामा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका और उसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन चालक से अनाज से संबंधित चलान और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि चालक वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहा। कोई भी प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रशासन को अनाज की अवैध ढुलाई और संभावित कालाबाजारी की आशंका और मजबूत हो गई।

इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही एक दंडाधिकारी की नियुक्ति की और पिकअप वाहन को जब्त करने का आदेश दिया। प्रशासन की टीम ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अनाज कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अनाज या अन्य खाद्यान्न सामग्री की अवैध ढुलाई और कालाबाजारी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अनुमंडल पदाधिकारी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों के बीच भी यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सख्ती से कालाबाजारी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सकती है।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अनाज की कालाबाजारी या खाद्यान्न सामग्री की अवैध ढुलाई की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।

Post Top Ad -