गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 21 मार्च 2026, शनिवार : ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शनिवार को गिद्धौर में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। इस अवसर पर झाझा के विधायक दामोदर रावत स्वयं गिद्धौर मस्जिद पहुंचे और वहां उपस्थित मुस्लिम समुदाय के लोगों से मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।
विधायक दामोदर रावत ने नमाज के बाद लोगों से मुलाकात करते हुए कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, त्याग, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के करीब आने और समाज में एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।
इस दौरान विधायक ने लोगों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनकी खुशियों में सहभागिता जताई और समाज में आपसी प्रेम बनाए रखने की अपील की। उनके इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।
मस्जिद परिसर में उपस्थित लोगों ने भी विधायक का स्वागत किया और उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के अवसर समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द को और मजबूत करते हैं।
गिद्धौर में ईद का यह आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।








