गिद्धौर : सत्य साईं बाबा के 97वें जन्मोत्सव पर भजन व नारायण महाभोज खिचड़ी आयोजित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

A venture of Aryavarta Media

Post Top Ad

Post Top Ad

Thursday, 24 November 2022

गिद्धौर : सत्य साईं बाबा के 97वें जन्मोत्सव पर भजन व नारायण महाभोज खिचड़ी आयोजित



गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 24 नवंबर : बुधवार को भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 97वें जन्मदिन के अवसर पर श्री सत्य साई सेवा समिति गिद्धौर द्वारा स्थानीय पंचमन्दिर के प्रांगण में जिलास्तरीय जन्मोत्सव कार्यक्रम भजन, संकीर्तन, प्रवचन एवं नारायण महाभोज खिचड़ी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भजनों से हुई जिसमें श्वेता सिन्हा एवं रोहित कुमार ने भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया।



इस अवसर पर संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रामसेवक पासवान ने भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व की चर्चा की। उन्होंने बताया कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन एक आध्यात्मिक संगठन है, जिसके द्वारा मानव कल्याण के लिए कार्य किए जाते हैं।



वहीं श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर के कन्वेनर बलराम साह ने बताया कि सत्य साईं बाबा के जन्मदिन के अवसर पर गिद्धौर में हर वर्ष नारायण महाभोज खिचड़ी का आयोजन किया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1992 में तत्कालीन समिति कन्वेनर डॉ. प्रफुल्ल कुमार सिन्हा ने की थी। इस वर्ष खिचड़ी महाभोज का यह 30वां साल है। इसमें प्रति वर्ष भक्तों की संख्या में  वृद्धि होती नजर आ रही है।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सत्य साईं सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उदेश्य जाति, धर्म, समुदाय से ऊपर आकर मानव सेवा को प्रोन्नत करना है। संगठन के माध्यम से अब तक लाखों ज़रूरत मंद लोगों को निःशुल्क इलाज़, शिक्षा सहित कई अन्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी है।



नारायण महाभोज खिचड़ी की शुरुआत संगठन के जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ रामसेवक पासवान, समिति कन्वेनर बलराम साह, संगठन के बिहार प्रदेश आईटी कोऑर्डिनेटर सुशांत साईं सुंदरम ने सम्मिलित रूप से नारायणों के बीच खिचड़ी परोसकर किया। इसमें दस हजार से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया।



कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री सत्य साईं सेवा समिति के सदस्य पवन कुमार, श्रवण कुमार, बसंत बरनवाल, रितेश कुमार, योगेश कुमार, कपिलदेव साह, ईश्वर रावत, सुभाष राम, प्रेम कुमार, मनीष कुमार, मुकेश कुमार, रॉकी कुमार, बिनोद गुप्ता, नंदकिशोर रावत, रंजन कुमार, मनीष केशरी सहित अन्य सदस्यों ने अपना समर्पित योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन श्री सत्य साईं सेवा संगठन के बिहार प्रदेश आईटी कोऑर्डिनेटर सुशांत साईं सुंदरम ने किया।

Post Top Ad