सेवा : भंवरवा पुल के भंवर में पानी जमने से परेशान हैं राहगीर - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - SR DENTAL, GIDHAUR

बुधवार, 9 अगस्त 2017

सेवा : भंवरवा पुल के भंवर में पानी जमने से परेशान हैं राहगीर

गिद्धौर प्रखंड से सेवा, गोविंदपुर, कुड़ीला आदि गांव को जोड़ने वाली गिद्धौर रेलवे स्टेशन की ओर से गई रेलवे अंडर ब्रिज (भंवरवा पुल) स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। दरअसल, अंग्रेज जमाने में ही लोगों की सहूलियत के लिए बनाई गई रेलवे ब्रिज (भंवरवा पुल) के नीचे डेढ़ से दो फुट तक बरसात का पानी जमा रहता है। इसके अलावा इसके फर्श में सिर्फ रोड़ियां भरी पड़ी है। यहां से अंडर ब्रीज (भंवरवा पुल) पार करके निकलना लोगों के लिए मुश्किल और कठिन हो चुका है। आलम यह है कि हर रोज पैदल राहगीर व कभी-कभी स्कूली बच्चे गिर कर चोटिल भी हो जाते हैं। हालात यह है कि यहां से पैदल आवागमन तो दूर मोटरसाइकिल व साइकिल से भी आने-जाने के लिए सोचना पड़ता है। सेवा गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत एक पंचायत भी है। फिलहाल, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की वजह से सेवा पंचायत वासी दुखी हैं। रोजमर्रा की वस्तु खरीदने के लिए सेवा, गोविंदपुर, कुड़ीला आदि गांव के निवासियों को गिद्धौर बाजार आने के लिए सोचना पड़ता है। 

कहते हैं सेवा के निवासी
यहाँ के स्थानीय निवासी विकास यादव, संतोष कुमार, सुमित सिंह, प्रभात कुमार, समाजसेविका अनीता मंडल, राहुल सिंह ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई रेलवे अंडर ब्रिज 
(भंवरवा पुल) अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। अंडर ब्रिज (भंवरवा पुल) में पानी निकासी के लिए कोई व्यवस्था तक नहीं की गई है। ढलान में होने की वजह से सारा पानी इसमें जाकर जमा हो जाता है। इसका नतीजा यह है कि इसमें बरसात का पानी जमा होने से लोग परेशान ही नहीं बल्कि त्रस्त हैं। 
बताते चलें कि, समस्या सिर्फ बारिश के दिनों तक ही सीमित नहीं रहती बल्कि बारिश के बाद तो यह और भी विकराल रूप धारण कर लेती है। सेवा, गोविंदपुर, कुड़ीला आदि गांवो को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली यह अंडर ब्रीज (भंवरवा पुल) के सड़क एवं जल निकासी का कोई उपाय न किया गया तो, सुलभ तरीके से गांववासियों को गिद्धौर बाजार, कार्यालय, बैंक, विद्यालय आदि पहुँचने में कष्ट झेलते रहना होगा। इसके अलावा किसी अप्रिय घटना से कतई इन्कार भी नहीं किया जा सकता।

(अभिषेक कुमार झा)
गिद्धौर     |     09/08/2017, बुधवार 
www.gidhaur.com

Post Top Ad -