गिद्धौर में महाष्टमी पर सजेगी भक्ति की महफिल, देवी मंडा के सामने होगा भव्य जागरण और झांकी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

रविवार, 18 अक्टूबर 2026

गिद्धौर में महाष्टमी पर सजेगी भक्ति की महफिल, देवी मंडा के सामने होगा भव्य जागरण और झांकी

  • गायक हजारी पांडेय और गायिका राज लक्ष्मी की प्रस्तुति से भक्तिमय होगी रात
  • तीन स्थानों पर लगे डिस्प्ले पर होगा लाइव प्रसारण

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 18 अक्टूबर 2026, रविवार : शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर गिद्धौर में भक्तिमय माहौल को और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। सोमवार, 19 अक्टूबर को महाष्टमी के अवसर पर गिद्धौर के ऐतिहासिक देवी मंडा (दुर्गा मंदिर) के सामने स्थित मंच पर भव्य जागरण एवं झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत और आकर्षक झांकियों का आनंद मिलेगा।

हजारी पांडेय और राज लक्ष्मी की प्रस्तुति से सजेगी जागरण की रात
जागरण कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक हजारी पांडेय और गायिका राज लक्ष्मी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक उत्तम शर्मा करेंगे। आयोजन को लेकर पूजा समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम का आनंद ले सकें।

गांव में भक्तिमय माहौल बनाना आयोजन का उद्देश्य
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के सचिव सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि महाष्टमी के अवसर पर भव्य जागरण एवं झांकी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वहीं, समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू ने कहा कि रात्रि जागरण का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बनाए रखना और श्रद्धालुओं को मां दुर्गा की आराधना से जोड़ना है।

तीन स्थानों पर डिस्प्ले के जरिए होगा लाइव प्रसारण
समिति के कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार केशरी ने बताया कि मेला और कार्यक्रम को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर डिस्प्ले लगाए गए हैं। इनके माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे भीड़ के बीच दूर खड़े श्रद्धालु भी जागरण और झांकी कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे।

महाष्टमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम गिद्धौर के दुर्गा पूजा उत्सव में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का विशेष आकर्षण बनने की उम्मीद है।

Responsive Advertisement