गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 सितंबर 2026, शनिवार : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में पिछले दो दशकों से योगदान दे रहे गिद्धौर सेंट्रल स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय की निदेशक मधुलिका सिंह की देखरेख तथा प्रधानाचार्य संदीप कुमार राउत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल रहा। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक-शिष्य के संबंध और जीवन में शिक्षकों के महत्व को रेखांकित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं। शिक्षकों ने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से प्रयास करने तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के दिवंगत निदेशक अमर सिंह को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा शिक्षा को लेकर देखे गए सपनों और स्थापित किए गए मूल्यों को आगे बढ़ाना विद्यालय परिवार की जिम्मेदारी है।
दिवंगत निदेशक अमर सिंह की स्मृति में विद्यालय परिवार ने शिक्षा की ज्योत को निरंतर जलाए रखने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक मधुलिका सिंह एवं प्रधानाचार्य संदीप कुमार राउत के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं कोमल कुमारी, रानू कुमारी, आरती उपाध्याय, ज्योति कुमारी, अर्चना मिश्रा, बबिता झा, प्रिया राजपूत, ऋषिका भारती, सूरज शर्मा, सुजीत शर्मा, रंजीत साव, अविनाश सिंह, रौशन बरनवाल, शशिकांत कुमार, सोनम भारती, स्नेहा कुमारी, कोमल सिंह एवं संध्या रावत सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समारोह के दौरान शिक्षक-शिष्य परंपरा के महत्व पर चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार एवं नैतिक मूल्यों को आवश्यक बताया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, सम्मान और भावनात्मक वातावरण बना रहा।







