जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में उल्लास के साथ मना शिक्षक दिवस, उपहार देकर जताया सम्मान - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

शनिवार, 5 सितंबर 2026

जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में उल्लास के साथ मना शिक्षक दिवस, उपहार देकर जताया सम्मान

कोल्हुआ/गिद्धौर (Kolhua/Gidhaur), 5 सितंबर 2026, शनिवार : प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआ पंचायत स्थित जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बनाया।

कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान शिक्षक जयंत मिश्रा, मो. दिलशान तथा शिक्षिकाओं अमृता राय, प्रियंका कुमारी एवं निक्की कुमारी ने संयुक्त रूप से केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। शिक्षकों ने भी बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस विद्यार्थियों के लिए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा और शिक्षक के महत्व का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देकर जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाना है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित रूप से अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी।

Responsive Advertisement