गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 18 अगस्त 2026, मंगलवार : ऐतिहासिक महावीर मंदिर में मंगलवार को साप्ताहिक संध्या आरती का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पवनपुत्र हनुमान जी के समक्ष पूजा-अर्चना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन की प्रस्तुति डब्लू पंडित, सुभाष राम, बिक्की कुमार रावत और राजेश कुमार मंडल ने दी। वहीं नाल वादक रोहित पांडेय ने अपनी वादन प्रस्तुति से भजन-कीर्तन में विशेष रंग भर दिया।
भक्ति गीतों के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ तालियां बजाकर अपनी सहभागिता निभाई। धार्मिक वातावरण और भक्ति संगीत से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
भजन-कीर्तन के बाद विधिवत संध्या आरती की गई। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर बजरंगबली की आराधना की और प्रसाद ग्रहण किया। आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ साप्ताहिक संध्या आरती कार्यक्रम का समापन हुआ।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, ऐतिहासिक महावीर मंदिर में प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाली संध्या आरती धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी माध्यम बनती जा रही है। इसमें आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में भाग लेते हैं।

