जमुई : राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, थाना पदाधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 19 अगस्त 2026

जमुई : राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, थाना पदाधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 19 अगस्त 2026, बुधवार : आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जिले के सभी थाना पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह के निर्देश पर हुई। अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिलीप कुमार राय ने की, जबकि प्राधिकार की सचिव मंजू श्री कुमारी ने बैठक के आयोजन में सहयोग किया।

नोटिस के शत-प्रतिशत तामिला का निर्देश
बैठक में सभी थाना पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जारी नोटिस का संबंधित पक्षकारों को शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निशुल्क निष्पादन कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
प्रत्येक थाना में नियुक्त होगा नोडल अधिकारी
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक थाना में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया गया। नोडल अधिकारी थाना और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।

थाना परिसर से लेकर गश्ती वाहनों तक होगा प्रचार
लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी थाना परिसरों में फ्लेक्स-बैनर लगाने, हेल्प डेस्क स्थापित कर आम लोगों को जानकारी देने तथा गश्ती वाहनों के माध्यम से भी प्रचार करने का निर्देश दिया गया।
ट्रैफिक चालान मामलों का भी होगा निष्पादन
राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों का भी निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस को संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजने और लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस के सहयोग से सफल होगा आयोजन
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिलीप कुमार राय ने थाना पदाधिकारियों को जनहित में सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं सचिव मंजू श्री कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को जनसुलभ और आम लोगों के लिए उपयोगी बनाने में पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग के बिना कार्यक्रम को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकती। सभी थाना प्रभारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Responsive Advertisement