जमुई : अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 गिरफ्तार; 4 हथियार व 23 कारतूस बरामद - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

बुधवार, 19 अगस्त 2026

जमुई : अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 गिरफ्तार; 4 हथियार व 23 कारतूस बरामद

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 19 अगस्त 2026, बुधवार : अवैध हथियारों के खिलाफ जमुई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमुई थाना पुलिस ने डीआईयू और एसटीएफ के सहयोग से कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी मास्केट, तीन देशी कट्टा और कुल 23 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किए जाने की आशंका थी।

गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस को 18 अगस्त को विश्वसनीय सूत्रों और एसटीएफ के माध्यम से सूचना मिली थी कि अम्बा गांव निवासी राजा बाबू उर्फ राजा कुमार उर्फ प्रदीप, पिता सदानंद रावत, अवैध हथियार और कारतूस की खेप मंगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही जमुई थाना, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी शुरू की।

राजा की गिरफ्तारी के बाद खुलता गया हथियारों का राज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजा कुमार को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को हथियारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार राजा ने बताया कि हथियार और कारतूस सिमरिया-विक्रमपुर निवासी सुमन कुमार, पिता पप्पू पासवान, के पास रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने सुमन कुमार को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की।

सुमन की निशानदेही पर पुलिस ने बंदन कुमार, पिता कृष्ण साव, के घर छापेमारी की, जहां से एक देशी मास्केट और 15 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद बजरंगी कुमार उर्फ छोटू, पिता शंकर पांडेय, के घर से तीन देशी कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए गए।
कुल चार हथियार और 23 कारतूस बरामद
पुलिस कार्रवाई में कुल एक देशी मास्केट, तीन देशी कट्टा और 23 कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार चारों आरोपित जमुई जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

राजा बाबू का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजा बाबू का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमुई थाना में वर्ष 2021, 2022, 2024 और 2025 में कई मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और हत्या से संबंधित मामला भी शामिल है। इसके अलावा जमुई एससी/एसटी थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज बताया गया है।

एसटीएफ और डीआईयू की टीम भी रही शामिल
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार सहित पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी, डीआईयू के जवान और एसटीएफ की टीम शामिल थी। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Responsive Advertisement