गिद्धौर : बाबा गरभू मंदिर में विधि-विधान से संपन्न हुई सलौनी पूजा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

गिद्धौर : बाबा गरभू मंदिर में विधि-विधान से संपन्न हुई सलौनी पूजा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

  • तीन सौ वर्ष पुरानी परंपरा के तहत हुई पूजा-अर्चना
  • श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-शांति और समृद्धि की मन्नत
गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 20 अगस्त 2026, गुरुवार : प्रखंड के पतसंडा पंचायत स्थित कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम परिसर में अवस्थित ऐतिहासिक बाबा गरभू मंदिर में सावन माह के तीसरे बुधवार की देर शाम सलौनी पूजा विधि-विधान और नेम-निष्ठा के साथ संपन्न हुई। पूजा-अर्चना को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पतसंडा पंचायत सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गरभू के दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे।
तीन सौ वर्ष पुरानी है पूजा की परंपरा
बताया जाता है कि करीब तीन सौ वर्ष पूर्व गिद्धौर राज रियासत द्वारा बाबा गरभू के पिंड का निर्माण कराया गया था। तभी से सावन माह में बाबा गरभू के पिंड की विधिवत पूजा-अर्चना करने की परंपरा चली आ रही है। इसी प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने बाबा गरभू की पूजा की और अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मन्नत पूरी होने पर चढ़ाया भोग
बाबा गरभू के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिली। मन्नत पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा को दूध, खीर एवं विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया। पूजा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया।

पंडितों ने कराया विधि-विधान से पूजन
सलौनी पूजा का अनुष्ठान विद्वान पंडित प्रभाकर पांडेय उर्फ दिपू पांडेय के साथ शंभू यादव, मनोज यादव, अरुण कुमार एवं अरविंद यादव ने विधि-विधान से संपन्न कराया। वहीं पूजा की व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी जितेंद्र कुमार, शंकर यादव, रामदेव यादव, नीतीश यादव, वासुदेव यादव, अरविंद कुमार, विनोद यादव, विजय यादव एवं दशरथ यादव ने संभाली।
पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा गरभू से अपने परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

Responsive Advertisement