गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 15 अगस्त 2026, शनिवार : ऐतिहासिक 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गिद्धौर स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सार्वजनिक पुस्तकालय के सचिव राजवंश केशरी ने विधिवत झंडोतोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
झंडोतोलन के बाद उपस्थित पुस्तकालय परिवार के सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित सदस्यों ने देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए पुस्तकालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों और कर्तव्यों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को देश के इतिहास, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने में सार्वजनिक पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सतीश कुमार, जगमोहन विश्वकर्मा, अमित कुमार, सूरज पंडित, बादल झा, मणि शर्मा, शशि शेखर, राजू तांती सहित पुस्तकालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सभी ने राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा समाज में शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह आपसी सौहार्द और देशभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।







