गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 18 अगस्त 2026, मंगलवार : गिद्धौर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के कुमरडीह गांव के समीप से 100 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बजाज पल्सर बाइक को भी जब्त किया है। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिद्धौर थाना पुलिस को कुमरडीह गांव में मनोज यादव मिल के समीप ग्रामीण सड़क से बाइक के जरिए शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राशि मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में जांच अभियान चलाया।
इसी क्रम में अवर निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बजाज पल्सर बाइक संख्या बीआर-46एफ-3315 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे नीले रंग के दो बड़े गैलन बरामद किए गए। दोनों गैलनों में 50-50 लीटर देशी महुआ शराब भरी थी। पुलिस ने कुल 100 लीटर देशी महुआ शराब जब्त कर लिया।
पुलिस ने मौके से शराब ले जा रहे युवक को भी हिरासत में लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रसन्नजीत कुमार (17 वर्ष 8 माह), पिता कालीचरण यादव, निवासी ललदैया, गरही थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने शराब की खेप और तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर बाइक को जब्त कर थाना लाया। मामले में शराबबंदी कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि शराब तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बरामदगी के मामले में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

