महुलीगढ़ में देर रात बड़ी चोरी! खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकद ले उड़े - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

महुलीगढ़ में देर रात बड़ी चोरी! खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकद ले उड़े

गिद्धौर (जमुई)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के महुलीगढ़ गांव में देर रात हुई चोरी की एक बड़ी वारदात ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन तथा 44 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। सबसे दुखद पहलू यह है कि चोर उन रुपयों को भी ले गए, जिन्हें पीड़ित परिवार ने बीमार महिला के इलाज के लिए बड़ी मेहनत से जोड़कर रखा था। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

पीड़ित दिलीप मंडल ने बताया कि शनिवार देर रात वह अपनी पत्नी संजू देवी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी सफाई से घर में रखे बक्से और अन्य सामान की तलाशी ली तथा कीमती जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर का बक्सा उठाकर बाहर खेत में ले गए और वहां उसे तोड़कर उसमें रखे सामान की तलाशी ली।

सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। खोजबीन करने पर घर से कुछ दूरी पर खेत में टूटा हुआ बक्सा मिला, जिसके आसपास कपड़े और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित के अनुसार चोर घर से 44 हजार रुपये नकद, सोने का मांग टीका, कानबाली, सोने की चेन, हाथ का कंगन, चांदी के आभूषण तथा कांसे के बर्तन समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चुरा ले गए। चोरी गए सामान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।

दिलीप मंडल ने भावुक होकर बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार हैं। उनके इलाज के लिए उन्होंने काफी कठिनाई से एक-एक रुपया बचाकर 44 हजार रुपये जमा किए थे, लेकिन चोर वह रकम भी अपने साथ ले गए। अब उनके सामने सबसे बड़ी चिंता पत्नी के इलाज की व्यवस्था करना है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान और नकदी बरामद कराने की गुहार लगाई है।

घटना की खबर फैलते ही महुलीगढ़ गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और रात में चैन की नींद सोना भी मुश्किल हो गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना की थानाध्यक्ष राशि मलिक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment