गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 4 जुलाई 2026, शनिवार : जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगरा (प्रीतमटांड़) गांव से एक 12 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने गिद्धौर थाना में गुमशुदगी की लिखित सूचना देकर पुलिस से उसकी तलाश की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगरा (प्रीतमटांड़) निवासी शंभू यादव ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनका 12 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार गुरुवार, 3 जुलाई की शाम लगभग 5 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर उसकी मां ने उसे डांट-फटकार लगाई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बताया कि लगातार खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर देर रात गिद्धौर थाना पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी गई और पुलिस से बालक की सकुशल बरामदगी की मांग की गई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संभावित स्थानों पर बालक की तलाश की जा रही है।
लापता बालक की पहचान रूपेश कुमार, पिता शंभू यादव, निवासी ग्राम प्रीतमटांड़ (गंगरा), थाना गिद्धौर, जिला जमुई के रूप में हुई है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को रूपेश कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तत्काल गिद्धौर थाना को सूचना दें, ताकि उसे सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके। परिजनों ने लोगों से अधिक से अधिक इस सूचना को साझा करने की अपील की है, जिससे बालक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।







