गिद्धौर/जमुई, 30 जून 2026, मंगलवार। गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब नयागांव के समाजसेवी स्वर्गीय प्रमोद सिंह की धर्मपत्नी शैल सिंह के निधन की खबर सामने आई। बीते सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि उनके गिद्धौर स्थित आवास पर अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर फैल गई।
इस दुखद समाचार की जानकारी उनके पुत्र कुमार सुदर्शन सिंह ने दी। उन्होंने बताया —
देर रात अचानक उनकी माता की तबीयत बिगड़ गई और हृदयाघात आने के कारण उनका निधन हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे घर में मातम का माहौल है।
शैल सिंह के निधन की खबर फैलते ही गिद्धौर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचने लगे। सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि शैल सिंह सरल, मिलनसार एवं धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। वे सामाजिक कार्यों में भी रुचि रखती थीं और अपने व्यवहार के कारण क्षेत्र में सम्मानित थीं। उनके निधन से समाज ने एक स्नेही एवं सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है।
फिलहाल शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का उनके गिद्धौर स्थित आवास पर लगातार तांता लगा हुआ है। परिजन एवं शुभचिंतक दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना कर रहे हैं।







