गिद्धौर के आशुतोष पांडेय का अग्निवीर टेक में चयन, ट्रेनिंग के लिए जबलपुर रवाना, क्षेत्र में खुशी की लहर - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 26 जून 2026

गिद्धौर के आशुतोष पांडेय का अग्निवीर टेक में चयन, ट्रेनिंग के लिए जबलपुर रवाना, क्षेत्र में खुशी की लहर

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 26 जून 2026, शुक्रवार :  गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआ गांव निवासी युवा आशुतोष पांडेय के भारतीय सेना में अग्निवीर (टेक) के रूप में चयन होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। चयन के उपरांत आशुतोष पांडेय शुक्रवार को अपनी प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण के लिए जबलपुर रवाना हुए। इस अवसर पर गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आशुतोष पांडेय, कोल्हुआ निवासी सोहन पांडेय एवं सरिता देवी के पुत्र हैं। बचपन से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित आशुतोष ने अपनी लगन और अथक परिश्रम के बल पर भारतीय सेना में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गिद्धौर प्रखंड का नाम रोशन किया है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ विदा किया तथा देश सेवा के उनके संकल्प की सराहना की।
मित्र शिवम मिश्रा एवं आयुष सिंह ने बताया —
आशुतोष पांडेय शुरू से ही एक मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे शारीरिक फिटनेस और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी लगातार जुटे रहे। उनकी मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि उनका चयन भारतीय सेना के अग्निवीर टेक पद के लिए हुआ है।
उन्होंने कहा कि आशुतोष की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
आशुतोष के चयन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि देश सेवा के लिए युवाओं का आगे आना समाज के लिए प्रेरणादायक है। परिजनों ने भी आशुतोष की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सपना आज साकार हुआ है और उन्हें विश्वास है कि वह भारतीय सेना में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देंगे।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment