अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गुरमाहा में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत भव्य योग शिविर आयोजित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 22 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गुरमाहा में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत भव्य योग शिविर आयोजित

जमुई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जमुई जिला प्रशासन ने विकास, शांति और सामाजिक परिवर्तन का एक ऐतिहासिक संदेश देते हुए जिले के सुदूरवर्ती एवं पूर्व नक्सल प्रभावित गुरमाहा गांव में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत भव्य योग शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन उस ऐतिहासिक मैदान में हुआ, जहां कभी नक्सलियों की गतिविधियां और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होते थे। वर्षों तक भय, हिंसा और असुरक्षा का प्रतीक रहा यह क्षेत्र रविवार को योग, स्वास्थ्य, शांति और विकास के संदेश से गुंजायमान हो उठा।

भगवान महावीर की पावन जन्मभूमि, कर्मभूमि एवं ज्ञानभूमि के रूप में विख्यात जमुई जिले में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि अब यह क्षेत्र हिंसा और उग्रवाद के अंधकार से निकलकर विकास, लोकतंत्र और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। जिस स्थान पर कभी नक्सलवाद का प्रभाव था, वहीं आज हजारों ग्रामीणों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि इस मैदान में स्थापित नक्सली स्मारक को जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ध्वस्त किया जा चुका है। उसी स्थल के समीप आयोजित योग शिविर ने स्थानीय लोगों में यह विश्वास और मजबूत किया कि अब यह पूरा इलाका भयमुक्त होकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है। बरसों तक नक्सली आतंक और भौगोलिक कठिनाइयों के कारण उपेक्षित रहे इस क्षेत्र में आज प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद का नया अध्याय लिखा गया।

कार्यक्रम में चोरमारा, जमुनिया टांड़, कुमारतरी तथा मुसहरी टांड़ समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि अब क्षेत्र की जनता हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन चाहती है।

इस अवसर पर उपस्थित जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों के सहयोग से शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया था और यह आयोजन उसी सकारात्मक सहभागिता को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनता और प्रशासन के बीच जो दूरी बनी हुई थी, वह अब समाप्त हो चुकी है। जिला प्रशासन क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री तथा जमुई विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री श्रेयसी सिंह ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गुरमाहा और आसपास के क्षेत्रों का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वह इस क्षेत्र की केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि यहां की बेटी हैं और एक बेटी के रूप में अपने इस घर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
मंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के कारण वर्षों तक विकास से वंचित रहे इस इलाके में अब सड़क, बिजली, पेयजल और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही विकसित भारत-2047 के निर्माण की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुरमाहा गांव में पहली बार ‘हर घर नल-जल योजना’ के तहत निर्मित जलमीनार का उद्घाटन कर उसे ग्रामीणों को समर्पित किया। इस पहल से गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने एक दिव्यांग बच्चे को ट्राईसाइकिल प्रदान कर उसके जीवन में आत्मनिर्भरता और गतिशीलता की नई उम्मीद जगाई।

योग शिविर के समापन अवसर पर जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर गुरमाहा क्षेत्र कभी नक्सलवाद की वजह से विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन आज की तस्वीरें एक नए परिवर्तन की कहानी बयां कर रही हैं। योग शिविर, जलमीनार उद्घाटन, दिव्यांग सहायता और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों ने यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र और विकास की शक्ति किसी भी प्रकार की हिंसा और अलगाववाद से कहीं अधिक प्रभावशाली होती है। गुरमाहा की धरती से निकला शांति, स्वास्थ्य और विकास का यह संदेश न केवल जमुई बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का विषय बन गया है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment