गिद्धौर में अमूल एजेंसी से नकदी और सामान लेकर फरार, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन, कार से आए थे उचक्के - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शुक्रवार, 15 मई 2026

गिद्धौर में अमूल एजेंसी से नकदी और सामान लेकर फरार, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन, कार से आए थे उचक्के

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 15 मई 2026, शुक्रवार : गिद्धौर बाजार स्थित न्यू गीता एंटरप्राइजेज अमूल एजेंसी में दिनदहाड़े ठगी और चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित दुकानदार ने गिद्धौर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिद्धौर निवासी निलेश कुमार मिश्रा, पिता स्व. नित्यानंद मिश्रा, ने अपने आवेदन में बताया कि वे गिद्धौर स्थित अपनी दुकान न्यू गीता एंटरप्राइजेज (अमूल एजेंसी) पर रोज़ की तरह दुकान संभाल रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 3 बजकर 47 मिनट पर एक कार से कुछ अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और उन्होंने विभिन्न सामान खरीदने की बात कही।
दुकानदार के अनुसार आरोपियों ने सामान लेने के बाद भरोसा दिलाया कि वे पहले डिजिटल पेमेंट कर देंगे। भुगतान की प्रक्रिया का बहाना बनाकर उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी बीच जब दुकानदार कुछ सामान निकालने के लिए दुकान के पीछे गए, तो मौका देखकर आरोपियों ने काउंटर पर रखे गल्ले से करीब 50 हजार रुपये नकद निकाल लिए।

बताया जाता है कि आरोपियों ने न केवल नकदी बल्कि खरीदा गया सामान भी अपने साथ लिया और कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना सामने के अन्य प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें कार में बैठकर भागते उचक्के नजर आ रहे हैं। घटना के बाद दुकानदार को जब नकदी और सामान गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी और बाद में थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित दुकानदार ने अपने आवेदन में प्रशासन से आग्रह किया है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। वहीं आवेदन मिलने के बाद गिद्धौर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment