गिद्धौर : स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित हुए मेधावी विद्यार्थी - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 10 मई 2026

गिद्धौर : स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित हुए मेधावी विद्यार्थी

शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना का संदेश देकर विद्वानों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur /Jamui), 10 मई 2026, रविवार : प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में रविवार को “स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह (अधिवक्ता) स्मृति तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई विद्वानों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिसमें उपस्थित अतिथियों ने स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह (अधिवक्ता) की तस्वीर के सामने दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया।
विद्वानों की उपस्थिति से बढ़ी समारोह की गरिमा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं भारतीय शिक्षण मंडल के सह मंत्री डॉ. आशुतोष तिवारी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के प्राध्यापक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दीपांशु पाठक, मुंगेर विश्वविद्यालय के मानवीकीय संकायाध्यक्ष प्रो. भवेशचन्द्र पाण्डेय, सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. लखनलाल पाण्डेय तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक नवीन पांडेय शामिल हुए। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिए।
गुरुकुल परंपरा और निःशुल्क शिक्षा पर डॉ. तिवारी का जोर
मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष तिवारी ने अपने संबोधन में भारतीय गुरुकुल परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में मठ, मंदिर और शिवालय शिक्षा के प्रमुख केंद्र हुआ करते थे, जहाँ समाज के सहयोग से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जाती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप व्यक्ति केंद्रित होता जा रहा है, जिससे शिक्षा के मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहे हैं।
संघर्ष ही बनाता है व्यक्ति को महान : दीपांशु पाठक
विशिष्ट अतिथि दीपांशु पाठक ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कृति ‘रश्मिरथी’ की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में महान बनने के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताया।
आजीवन उत्कृष्टता सम्मान से सम्मानित किया गए डॉ. लखनलाल पांडेय
समारोह के दौरान शिक्षा जगत में दीर्घकालीन एवं अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. लखनलाल पाण्डेय को आजीवन उत्कृष्टता सम्मान से सम्मानित किया गया। आयोजकों एवं उपस्थित विद्वानों ने उनके शैक्षणिक योगदान, मार्गदर्शन और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
समारोह में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं पाठ्य सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान दिलाना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना बताया गया।
आयोजन के उद्देश्य पर बोले आयोजक उत्तम कुमार
कार्यक्रम के आयोजक उत्तम कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि उनके दादाजी स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह की स्मृति में पिछले तीन वर्षों से यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
ज्ञानवर्धक गतिविधियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में केवल विद्यार्थियों का सम्मान ही नहीं, बल्कि साहित्यिक और शैक्षणिक गतिविधियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। 
समारोह में ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों ने वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया।
बाबा कोकिलचंद मंदिर पुस्तकालय को भेंट किए गए महाभारत के छह खंड
इस अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक योगदान के रूप में महाभारत के संपूर्ण छह खंड बाबा कोकिलचंद मंदिर के पुस्तकालय को अर्पित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों के साथ शिक्षा का अलख जगाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
इन लोगों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति के संयोजक एवं शिक्षक आशीष कुमार पांडेय तथा मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अभय कुमार पांडेय ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment