शिशु घर सेवा में समर्पित दीदियों का सम्मान, झाझा में 80 केंद्रों से मिल रहा बच्चों को पोषण व देखभाल - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 8 अप्रैल 2026

शिशु घर सेवा में समर्पित दीदियों का सम्मान, झाझा में 80 केंद्रों से मिल रहा बच्चों को पोषण व देखभाल

झाझा/जमुई। समग्र सेवा एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित ग्रामीण शिशु घर परियोजना के तहत समर्पित सेवा देने वाली केयर गिवर दीदियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सम्मान में झाझा प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक विवाह भवन (चैती दुर्गा मंदिर के समीप) में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवा भावना से जुड़े कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र, बैग एवं मोमेंटो देकर सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में झाझा प्रखंड में बिहार का पहला ग्रामीण शिशु घर स्थापित किया गया था। ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से आज यह पहल विस्तार पाकर झाझा क्षेत्र में 80 शिशु घरों के सफल संचालन तक पहुंच चुकी है। इन केंद्रों में कामकाजी महिलाओं के 7 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों की देखभाल प्रशिक्षित केयर गिवर दीदियों द्वारा 6 से 7 घंटे तक की जाती है।

इन शिशु घरों में बच्चों को दिन में तीन बार पोषण युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाता है तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल-खेल में देखभाल, स्नेह और शिक्षा का वातावरण प्रदान किया जाता है। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव यह है कि कामकाजी महिलाएं अब निश्चिंत होकर अपने कार्य कर पा रही हैं, वहीं बड़े भाई-बहनों को भी छोटे बच्चों की देखभाल के बजाय स्कूल जाने का अवसर मिल रहा है।
सम्मान समारोह का उद्घाटन नगर परिषद झाझा के चेयरमैन संजय यादव, उप चेयरमैन विपिन साव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पवन राम, समग्र सेवा के सचिव मकेश्वर, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से तनुज कुमार तथा महिला पर्यवेक्षक अर्चना द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

कार्यक्रम के दौरान करीब 160 केयर गिवर दीदियों को सम्मानित किया गया, जिससे उनके मनोबल में वृद्धि हुई। समारोह में लगभग 200 महिलाओं की भागीदारी रही, जो इस पहल के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता और समर्थन को दर्शाता है।
संस्था ने भविष्य की योजना साझा करते हुए बताया कि झाझा प्रखंड के सभी दूरदराज गांवों में शिशु घर स्थापित कर बच्चों के पोषण स्तर को और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर संस्था के सदस्य मकेश्वर, राजेश, अविनाश, आस्तिक, तनुज, प्रणुपम, कामेश्वर, काजल, रवि सहित कई सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post Top Ad -