गिद्धौर/जमुई। स्थानीय गिद्धौर डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन संजीव कुमार के 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने पर भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डाकघर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवा काल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में उपस्थित पोस्ट मास्टर नरेंद्र यादव ने कहा कि संजीव कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और जिम्मेदार कर्मी के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि डाक वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया, जिससे विभाग की छवि मजबूत हुई। पोस्ट मास्टर ने कहा कि उनका सरल स्वभाव और सहकर्मियों के प्रति सहयोग की भावना सभी के लिए प्रेरणादायक रही है।
वहीं सेवानिवृत्त पोस्टमैन संजीव कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि डाक विभाग में बिताए गए वर्षों को वह जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार समय मानते हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें लोगों की सेवा करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने सहकर्मियों और अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गिद्धौर डाकघर उनके लिए परिवार की तरह रहा है, जिसकी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
समारोह में मौजूद क्लर्क नंदलाल कुमार, एमटीएस प्रेम प्रकाश एवं पोस्टमैन रवि राज ने भी संजीव कुमार के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया और उनके कार्यों की सराहना की। सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पोस्टमैन को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान को याद करते हुए भावुक माहौल में विदाई दी।






