जमुई/बिहार। लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों एवं गांवों का दौरा कर सामाजिक सरोकारों का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने कई शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
दौरे की शुरुआत अलीगंज प्रखंड से हुई, जहां सांसद ने प्रखंड अध्यक्ष कारू सिंह की माता के निधन पर उनके घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सलाह दी और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वे उग्नीचक गांव पहुंचे, जहां दिनेश सिंह के पुत्र राजन के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए मानसिक मजबूती बनाए रखने की अपील की।
इसके उपरांत सांसद ग्राम लखन धनामा पहुंचे और अशोक यादव के निधन पर उनके परिवारजनों से मिलकर दुख व्यक्त किया। वहीं लक्ष्मीपुर प्रखंड के धरवा गांव में करेलाल तुरी के पुत्र शौरव कुमार की करंट लगने से हुई मौत पर उन्होंने गहरा दुख जताया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात कर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
लक्ष्मीपुर प्रखंड के खिलार गांव में आगजनी की घटना में आदिवासी समाज के पांच घरों के प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर सांसद वहां भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दिग्घी बाजार पहुंचने पर स्थानीय व्यवसायियों एवं ग्रामीणों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों ने नवादा-लक्ष्मीपुर रेल मार्ग की स्वीकृति दिलाने के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
अपने दौरे के अंतिम चरण में सांसद गिद्धौर प्रखंड के रतनपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिनकर सिंह एवं राकेश सिंह की पुत्री के निधन पर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने परिजनों को हिम्मत, साहस और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







