गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर के सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर में पाठकों और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। गिद्धौर निवासी एवं एक्साइज इंस्पेक्टर वीरभद्र नवीन के सौजन्य से पुस्तकालय को एक आधुनिक वॉटर डिस्पेंसर प्रदान किया गया, जिससे अब यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर पुस्तकालय परिसर में एक पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुरोहित उत्तम कुमार झा उर्फ राजा बाबू द्वारा मंत्रोच्चार से आधुनिक वॉटर डिस्पेंसर की पूजा कर विधिवत शुभारंभ किया गया। पुस्तकालय से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उपस्थित लोगों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की सुविधाएं न केवल लोगों की जरूरतों को पूरा करती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देती हैं।
पुस्तकालय परिवार की ओर से बताया गया कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी तथा आम नागरिक अध्ययन हेतु आते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक हो जाती है। वॉटर डिस्पेंसर की व्यवस्था होने से अब पाठकों को काफी राहत मिलेगी और उनका ध्यान पढ़ाई पर अधिक केंद्रित रह सकेगा।
इस मौके पर सार्वजनिक पुस्तकालय परिवार ने वीरभद्र नवीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह सहयोग समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। साथ ही अन्य सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई।






