बरहट/जमुई। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘साइकिल यात्रा एक विचार’ समूह ने रविवार को अपनी 535वीं यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। यह यात्रा जमुई प्रखंड परिसर से प्रारंभ होकर कटौना ग्राम तक पहुंची, जहां सदस्यों द्वारा पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यात्रा का नेतृत्व सदस्य संजय कुमार के देखरेख में किया गया। कटौना ग्राम पहुंचने के बाद मुर्गी फार्म संचालक बिट्टू सिंह की निजी भूमि पर महोगनी, शरीफा सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में सदस्य राहुल ऋतुराज ने ग्रामीण बच्चों को एकत्रित कर पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सभी आवश्यकताएं, जैसे शुद्ध वायु, जल, भोजन एवं औषधियां, प्रकृति से ही प्राप्त होती हैं। प्रकृति न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
वहीं, सदस्य सिंटू कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल नारे पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए व्यवहार में बदलाव जरूरी है। उन्होंने बताया कि अंधाधुंध वनों की कटाई और बढ़ते औद्योगिकीकरण के कारण प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है, जिसका दुष्परिणाम मानव जीवन पर भी पड़ रहा है।
सदस्य रनधीर कुमार ने कहा कि प्रकृति हमें सहनशीलता, त्याग और निस्वार्थ भाव जैसे गुण सिखाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकता बनाएं।
इस अवसर पर हरेराम कुमार सिंह, शेषनाथ राय, संदीप रंजन, राहुल सिंह, अजीत कुमार, सिंटू कुमार, चंदन कुमार आनंद, संजय कुमार, राहुल ऋतुराज, बिट्टू कुमार सहित अन्य सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।






