पटना/बिहार। गुरुवार को झाझा क्षेत्र के विधायक दामोदर रावत ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक दामोदर रावत ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और जनविश्वास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में चल रही विकास योजनाओं को और अधिक गति मिलेगी तथा आम जनता को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने यह भी कहा कि वर्तमान नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और सरकार की नीतियां गांव-गरीब, किसान, युवा एवं जरूरतमंद वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंचेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने झाझा एवं जमुई क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा उनके समाधान के लिए सहयोग का आग्रह किया।
मुलाकात के बाद विधायक ने कहा कि राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।






