जमुई : सिमुलतला आवासीय विद्यालय के मेधावियों का डीएम ने किया सम्मान - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

जमुई : सिमुलतला आवासीय विद्यालय के मेधावियों का डीएम ने किया सम्मान

जमुई/बिहार। सिमुलतला आवासीय विद्यालय के मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपरों एवं अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले के शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों की सफलता को सराहते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने सिमुलतला की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि सदियों से साधना, चिंतन और ज्ञान की केंद्रस्थली रही है। उन्होंने विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम को इसी पवित्र परंपरा, शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की कठिन तपस्या का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और धैर्य सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं, जिन्हें जीवन में अपनाना जरूरी है।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि मैट्रिक परीक्षा का अंक पत्र केवल सफलता की पहली सीढ़ी है, जबकि वास्तविक जीवन की परीक्षा कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होती है, जिसे केवल संयम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर ही पार किया जा सकता है।
शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें व्यावहारिक और जीवनोपयोगी ज्ञान से भी समृद्ध करें। उन्होंने कहा कि जब सैद्धांतिक और व्यावहारिक शिक्षा का संतुलन बनता है, तभी छात्र हर परिस्थिति में सफल होने की क्षमता विकसित कर पाते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिला प्रशासन के उस संकल्प का परिणाम बताया, जो विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के लिए लिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रिय पहल से विद्यालय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है, जिससे यह सफलता संभव हो सकी है।
कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक टॉपर पुष्पांजलि कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुशासित माहौल, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में और अधिक मेहनत कर विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।

समारोह के अंत में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Post Top Ad -