जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 7 अप्रैल 2026, मंगलवार : जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर इलाके में मंगलवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कुंदर ब्राज के समीप नदी किनारे बालू से ढका एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। यह भयावह दृश्य सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:00 बजे कुछ स्थानीय चरवाहों और ग्रामीणों की नजर बालू में दबे शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए, क्योंकि शव का सिर गायब था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन, टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट सह प्रभारी अंचलाधिकारी किशल्य राज की निगरानी में शव को बालू से बाहर निकाला गया। इससे पहले फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को आवारा कुत्तों द्वारा नोचे जाने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे शव की स्थिति और भी भयावह हो गई थी। सिर नहीं मिलने के कारण फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ देर तक जमा रही।
पुलिस इस सनसनीखेज मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। हत्या कर शव को यहां लाकर छिपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और महिला की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मामले का जल्द खुलासा किया जा सके।






