गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 7 अप्रैल 2026, मंगलवार : थाना क्षेत्र के गिद्धौर-झाझा मुख्य राजमार्ग पर स्थित गंगरा गांधी आश्रम के समीप मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे चालक अपना संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क पर गिर पड़ी। इस हादसे में दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घायलों की पहचान गंगरा गांधी आश्रम निवासी लक्ष्मण रावत (पिता- रमेश रावत) एवं बंधौरा गांव निवासी बिनय रावत (पिता- कृष्णा रावत) के रूप में की गई है। दुर्घटना इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार, लक्ष्मण रावत को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे घायल बिनय रावत का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





