कोल्हुआ/गिद्धौर। घनश्याम नगर, कोल्हुआ स्थित जीके जीनियस पब्लिक स्कूल में नर्सरी से कक्षा छह तक की वार्षिक परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराई गई। परीक्षा का संचालन विद्यालय के प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा की देखरेख में किया गया।
विद्यालय परिसर में परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ अनुशासन भी देखने को मिला। प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा ने बताया कि वार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के पूरे वर्ष के शैक्षणिक मूल्यांकन का महत्वपूर्ण चरण होता है, जिसके माध्यम से उनकी बौद्धिक एवं शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा लेना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना है।
परीक्षा संचालन में शिक्षक आदिल खान, निक्की कुमारी, पूर्णिमा कुमारी, स्वीटी कुमारी तथा जयंत मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही। सभी शिक्षकों ने परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दिया।
प्राचार्य सोनू कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि होली पर्व के अवसर पर विद्यालय में 3 मार्च से 7 मार्च 2026 तक अवकाश रहेगा। इस दौरान विद्यालय बंद रहेगा।
उन्होंने आगे बताया कि वार्षिक परीक्षा का परिणाम, पुनः नामांकन तथा किताब-कॉपी वितरण का कार्यक्रम 6 मार्च 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है, ताकि परिणाम प्राप्त करने के साथ-साथ आगामी सत्र की औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
विद्यालय प्रशासन ने यह भी घोषणा की है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 9 मार्च 2026, सोमवार से पूर्व निर्धारित समयानुसार होगी। प्राचार्य ने अभिभावकों से अपील की कि वे समय पर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि नए सत्र की पढ़ाई सुचारु रूप से प्रारंभ हो सके।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








