जमुई/बिहार। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जमुई जिला अध्यक्ष पद का चुनाव रविवार को शहर के न्यू द्वारिका विवाह भवन में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ। पूरे दिन चले चुनावी प्रक्रिया के बाद शैलेन्द्र महतो को सर्वसम्मति से निर्विरोध जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए पार्टी के क्रियाशील सदस्य, प्रखंड अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के बाद सभी नामांकन वैध पाए गए। हालांकि, चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने से पूर्व सात उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ चुनाव मैदान से बाहर हो गए। शेष दो उम्मीदवारों ने भी खुलकर शैलेन्द्र महतो के समर्थन की घोषणा कर दी। इसके बाद चुनाव का वातावरण पूरी तरह एकमत होता नजर आया।
जिले में कुल 185 मतदाता निर्धारित थे, जिनमें क्रियाशील सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं माननीय शामिल थे। इनमें से 169 सदस्य उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान 10 प्रखंड और 2 नगर इकाइयों में से 8 प्रखंड अध्यक्षों तथा 2 नगर अध्यक्षों ने शैलेन्द्र महतो का प्रस्तावक बनकर उनका समर्थन किया। साथ ही 7 प्रखंडों एवं 2 नगर इकाइयों के सभी सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र जिला निर्वाची पदाधिकारी को सौंपा।
अंततः उपस्थित 132 सदस्यों एवं एक पूर्व जिलाध्यक्ष सहित कुल 133 लोगों ने हाथ उठाकर शैलेन्द्र महतो के समर्थन में अपनी सहमति प्रकट की। इसके बाद जिला निर्वाची पदाधिकारी ने उन्हें सर्वसम्मति से जनता दल यूनाइटेड, जमुई का जिलाध्यक्ष निर्विरोध घोषित कर दिया। घोषणा होते ही सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
निर्वाचित होने के बाद शैलेन्द्र महतो ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मैं पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का दिल से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि जमुई जदयू परिवार की एकता और विश्वास की जीत है। मैं संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सम्मान देने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है और आने वाले समय में सभी साथियों को साथ लेकर विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन की विचारधारा को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर कार्यकर्ता की आवाज को प्राथमिकता दी जाएगी और सामूहिक निर्णय की परंपरा को कायम रखा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शैलेन्द्र महतो को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।






