जमुई/बिहार। शनिवार को हल्की बारिश के बीच भी जिले में ईद का त्योहार पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में नमाजी नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों की ओर उमड़ पड़े।
बारिश के कारण इस बार ईदगाह की अपेक्षा जामा मस्जिद जमुई में अधिक भीड़ देखने को मिली। नमाजियों ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश गूंज उठा।
ईद के अवसर पर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। नए कपड़े पहनकर बच्चे अपने परिवार और मित्रों के साथ त्योहार की खुशियां मनाते नजर आए। वहीं शहर के बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही और खरीदारी को लेकर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।
त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख स्थानों, सॉरी चौक, थाना चौक, मधुबन तालाब चौक और वाहन बाजार सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ और एसडीओ ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के आपसी सहयोग के कारण पूरे जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा। हल्की बारिश के बावजूद जमुई में ईद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जो जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।






