नशामुक्त जमुई के संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई, 277 लीटर शराब व 200 लीटर स्प्रिट के साथ टेंपो जब्त - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 21 मार्च 2026

नशामुक्त जमुई के संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई, 277 लीटर शराब व 200 लीटर स्प्रिट के साथ टेंपो जब्त

सोनो/जमुई (Sono/Jamui), 21 मार्च 2026, शनिवार : बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने और जिले में अवैध शराब कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार एवं उनकी टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान सोनो प्रखंड के बटिया थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ मोड़ के समीप एक टेंपो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और स्प्रिट बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान कुल 276.66 लीटर अवैध विदेशी शराब और 200 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। साथ ही, परिवहन में प्रयुक्त टेंपो को भी प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई जिले में सक्रिय अवैध शराब तस्करों के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है।

जिला प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि नशामुक्त समाज का निर्माण ही एक स्वस्थ और विकसित समाज की नींव है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज दोनों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रहा है।
इस पूरे अभियान के दौरान संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के सघन छापेमारी अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन, स्थानीय पुलिस या उत्पाद विभाग को सूचित करें।

प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की जागरूकता और सहयोग से ही इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

प्रशासन का सख्त संदेश है कि जिले की शांति, कानून-व्यवस्था और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Post Top Ad -