जमुई में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 15 मार्च 2026

जमुई में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त

जमुई/बिहार। जिले में घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी नवीन (भा.प्र.से.) ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैलने की संभावना रहती है, जिससे अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और जिले में आपूर्ति शृंखला को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी और निर्बाध बनी रहे।

जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी जमुई, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई एवं झाझा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा आपूर्ति निरीक्षकों को विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि वे नियमित रूप से गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों और गोदामों का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कहीं भी रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल या डीजल की कालाबाजारी, अवैध जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री की शिकायत मिलती है, तो वहां तत्काल छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम 1968 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सभी गैस वितरकों और पेट्रोल पंप संचालकों को अपने स्टॉक, दैनिक आपूर्ति और शेष उपलब्धता की नियमित जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की तुरंत पहचान की जा सके।

विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने गैस गोदामों और वितरण केंद्रों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने तेल विपणन कंपनियों, इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम से जुड़े सभी वितरकों को निर्देशित किया है कि वे उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी वितरक द्वारा पर्याप्त भंडार होने के बावजूद आपूर्ति में अनावश्यक देरी की जाती है या कृत्रिम किल्लत पैदा करने की कोशिश की जाती है, तो इसे गंभीर अपराध माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अंत में जिला पदाधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अधिक कीमत पर बिक्री की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर आम जनता के हितों की रक्षा की जा सके और जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Post Top Ad -