जमुई : रसोई गैस आपूर्ति में पारदर्शिता पर प्रशासन सख्त, शिकायतों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 21 मार्च 2026

जमुई : रसोई गैस आपूर्ति में पारदर्शिता पर प्रशासन सख्त, शिकायतों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 21 मार्च 2026, शनिवार : जिले के आम नागरिकों को रसोई गैस (एलपीजी) की सुगम, समयबद्ध और पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में बीते शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिले के सभी गैस वितरकों, विभिन्न तेल कंपनियों के एरिया मैनेजरों तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने गैस आपूर्ति से जुड़ी पूरी व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का सूक्ष्म विश्लेषण किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समीक्षा के क्रम में जिला नियंत्रण कक्ष को प्राप्त शिकायतों और फीडबैक का विस्तार से आकलन किया गया। इसमें कई उपभोक्ताओं द्वारा ओटीपी साझा करने में कठिनाई, बिना गैस प्राप्त हुए मोबाइल पर ‘डिलीवरी संपन्न’ का संदेश आ जाना तथा बुकिंग के बावजूद समय पर गैस की आपूर्ति नहीं होने जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। इन शिकायतों पर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता को सुविधा प्रदान करना है, न कि उन्हें भ्रमित करना या परेशान करना।

उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि तकनीकी खामियों या प्रक्रिया की आड़ में उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले वितरकों और प्रबंधकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ते हुए डीएम ने ‘मां भवानी गैस एजेंसी’ के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों का विशेष रूप से संज्ञान लिया। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि एजेंसी के कार्यों, वितरण प्रणाली और पंजी का तत्काल एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए और दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत सख्त कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस निर्देश से यह स्पष्ट संकेत मिला कि जिले में किसी भी प्रकार की मनमानी या एकाधिकार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के अंत में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा जिले में गैस स्टॉक की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि की गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने कालाबाजारी एवं घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

साथ ही, जिला पदाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि उन्हें गैस आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या होती है, तो जिला नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 06345-222001 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Post Top Ad -