जमुई/बिहार। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत लछुआड और कुंड घाट जलाशय परियोजना स्थल का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने हेलीपैड निर्माण स्थल, मुख्य मंच की रूपरेखा, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले विकासात्मक स्टॉलों की संभावित व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, समुचित प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी डीएम ने पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
इसके अलावा स्वच्छता को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। नगर पंचायत सिकंदरा और नगर परिषद जमुई के कार्यपालक पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और पहुंच मार्गों की साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के अभियंता मौजूद थे। डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटे रहने का निर्देश दिया।






