गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 30 मार्च 2026, सोमवार : प्रखंड के बनझुलिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में सोमवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन “प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ” कार्यक्रम के तहत अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के अष्टम वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति के पूर्व अध्यक्ष डब्लू पंडित के द्वारा अष्टम वर्ग से उत्तीर्ण कुल 30 छात्र-छात्राओं के बीच परिणाम पत्रक (प्रगति पत्र) का वितरण किया गया। परिणाम प्राप्त करते समय बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था, वहीं अभिभावकों में भी गर्व का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष डब्लू पंडित ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए कई प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे किसी भी छात्र की आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार राम ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष विद्यालय के बच्चों ने परीक्षा में अत्यंत सराहनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। इस संवाद के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरीय शिक्षक प्रदीप प्रभाकर, सहायक शिक्षक आनंद कुमार, अन्नू कुमारी, मधु चंदा, प्रीति विश्वकर्मा, आंचल प्रिया के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण अजय पासवान, चंद्रशेखर पासवान, जयराम रावत एवं दर्जनों अभिभावक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि बच्चों की शिक्षा को और सशक्त बनाने के लिए विद्यालय और अभिभावक मिलकर निरंतर प्रयास करते रहेंगे, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल और सशक्त बन सके।






