गिद्धौर-जमुई एनएच पर कार-ऑटो की भिड़ंत, एक घायल, भौराटांड़ के पास हुआ हादसा - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 7 मार्च 2026

गिद्धौर-जमुई एनएच पर कार-ऑटो की भिड़ंत, एक घायल, भौराटांड़ के पास हुआ हादसा

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 7 मार्च 2026, शनिवार : थाना क्षेत्र के भौराटांड़ गांव स्थित शुभम लाइन होटल के समीप गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार और मालवाहक ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार चालक मोहम्मद शमशाद घायल हो गए, जबकि कार में सवार दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार कार में जमुई थाना क्षेत्र के प्रतारपुर गांव निवासी मोहम्मद शमशाद के साथ रणधीर सिंह और शंभू सिंह भी सवार थे। हादसे में मोहम्मद शमशाद को चोटें आईं, जबकि रणधीर सिंह और शंभू सिंह को मामूली चोट लगी। रणधीर सिंह ने बताया कि वे लोग जमुई विधायक श्रेयसी सिंह से मिलने उनके गिद्धौर स्थित आवास जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक थ्री-व्हीलर ने अचानक चकमा दे दिया, जिससे यह दुर्घटना हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मालवाहक ऑटो पर धान और धान की भूसी अत्यधिक मात्रा में लदी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि वाहन ओवरलोड होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि ऑटो चालक शराब के नशे में था और दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल कार चालक मोहम्मद शमशाद को तुरंत दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इधर सूचना मिलते ही गिद्धौर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार ऑटो चालक की तलाश में जुट गई है।

Post Top Ad -