जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 7 मार्च 2026, शनिवार : आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से एक विशेष प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला जज संदीप सिंह ने प्रचार रथ को झंडी दिखाकर विदाई दी। यह प्रचार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व तथा इसमें अपने लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के बारे में जानकारी देगा।
गौरतलब है कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। इसके सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई की ओर से पिछले एक महीने से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भारतीय स्टेट बैंक तथा बिहार ग्रामीण बैंक के सहयोग से व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रचार रथ को जिले के विभिन्न इलाकों में जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया गया।
इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार संदीप सिंह ने कहा कि प्रचार रथ के माध्यम से लोगों तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे वे अपने लंबित मामलों के त्वरित और सुलभ समाधान के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि लोक अदालत एक ऐसा मंच है जहां आपसी सहमति से मामलों का समाधान किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों से अपील करते हुए कहा कि ऋण से संबंधित मामलों में अधिक से अधिक रियायत बरतें, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और ज्यादा से ज्यादा मामलों का निपटारा हो सके।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के लोग जागरूक होकर बड़ी संख्या में लोक अदालत में भाग लेंगे और अपने मामलों का समाधान कर इस आयोजन को सफल बनाएंगे।
इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विकास कुमार, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधीर सिंहा, कमला प्रसाद, पवन कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अनिमेष रंजन, एहसान रसीद, अग्रणी बैंक प्रबंधक लक्ष्मी एक्का, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप, जिला सर्टिफिकेट अधिकारी प्रेम कुमार, प्रबंधक प्रीतम कुमार शाह तथा आशीष कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।






