बाबा जखराज मैदान में खेले गए रोमांचक मुकाबले में अंकित कुमार की विस्फोटक पारी ने मैच को बनाया एकतरफा
गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 मार्च 2026, गुरुवार : स्थानीय बाबा जखराज क्रिकेट मैदान में बीते मंगलवार, 3 मार्च को आयोजित गिद्धौर चैंपियनशिप ट्रॉफी 2.0 (Gidhaur Championship Trophy 2.0) का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुआ। फाइनल में स्पेस पैंथर क्रिकेट क्लब, गिद्धौर और सत्य साईं क्रिकेट क्लब, गिद्धौर के बीच 14-14 ओवर का मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः स्पेस पैंथर टीम ने बेहतरीन खेल का परिचय देते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच की शुरुआत टॉस से हुई, जिसमें सत्य साईं क्रिकेट क्लब के कप्तान ऋषि कपूर और स्पेस पैंथर के कप्तान सोनू सागर आमने-सामने थे। टॉस जीतकर स्पेस पैंथर के कप्तान सोनू सागर ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सत्य साईं क्रिकेट क्लब की टीम ने तेज शुरुआत करने का प्रयास किया, किंतु नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहने से टीम दबाव में आ गई। पूरी टीम 11.4 ओवर में 110 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और स्पेस पैंथर के सामने 111 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पेस पैंथर टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। बल्लेबाज अंकित कुमार ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 24 गेंदों में 4 चौके और 9 छक्कों की मदद से 75 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस दमदार पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। स्पेस पैंथर की टीम ने केवल 8 ओवर में 2 विकेट खोकर 111 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। दर्शकों ने हर चौके-छक्के पर तालियों और जयकारों से मैदान को गुंजायमान कर दिया।
मैच में अंपायर की भूमिका राणा रणजीत एवं जसीम खान ने निभाई, जबकि कमेंट्री की जिम्मेदारी सुमित केशरी ने संभाली और स्कोरिंग का कार्य विजय शर्मा द्वारा किया गया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्पेस पैंथर टीम के अंकित कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट नेतृत्व और प्रदर्शन के लिए स्पेस पैंथर टीम के कप्तान सोनू सागर को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
समापन समारोह में पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू, गिद्धौर थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह, समाजसेवी कुमार सुदर्शन सिंह, सत्य साईं पब्लिक स्कूल के निदेशक संतोष केशरी, एनसीडब्ल्यू टीम के कप्तान पंकज कुमार, गिद्धौर इंडियंस टीम के कप्तान सुमित कुमार एवं सुमन राज सैम सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आमंत्रित अतिथियों में परवेश कुमार, प्रमोद शर्मा, गणेश रावत, सोनू कुमार, अभिषेक कुमार, रॉकी कुमार, त्रिपुरारी सिंह, विकास टुडू, टिंकू यादव एवं सच्चिदानंद मिश्र शामिल थे।
आयोजन समिति के सदस्य अमित कुमार केशरी, उमेश कुमार, रॉकी कुमार, राकेश माही, बिट्टू कुमार रावत, प्रवीण रजक एवं छोटू रावत ने पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फाइनल मैच के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और पूरे मुकाबले में रोमांच का माहौल बना रहा। स्थानीय खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर आयोजन को यादगार बना दिया।






