गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने एक ऑनलाइन सेवा प्रदाता की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने फिनो पेमेंट्स बैंक से संबंधित सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) दुकान का विंडो तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 18 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
यह घटना गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्धौर बाजार की है। पीड़ित दुकानदार राहुल कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में ऑनलाइन लेन-देन, बैंकिंग सेवाएं एवं अन्य डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। शनिवार की रात दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने दुकान के पीछे लगे विंडो को तोड़कर भीतर घुसने का रास्ता बनाया और सीधे गल्ले को निशाना बनाते हुए उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।
रविवार की सुबह आसपास के ग्रामीणों ने दुकान का विंडो टूटा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत फोन कर राहुल कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि दुकान का विंडो क्षतिग्रस्त है और गल्ले से 18 हजार रुपये नकद गायब हैं। राहुल कुमार झाझा थाना क्षेत्र के झालुठीका रामदासपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने गिद्धौर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह को सूचित किया। सूचना के बाद थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित सुराग जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गिद्धौर बाजार के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







